बीरेंद्र कुमार झा
सत्ता पक्ष और विपक्ष शायद ही किसी मुद्दे पर कभी एक होते हों।और अगर बात चुनाव के समय की हो तब तो एक दूसरे का विरोध चरम पर होता है।यही कारण है कि शुक्रवार को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र (न्याय पत्र) जारी होते ही बीजेपी ने इसपर जोरदार हमला बोला है।बीजेपी ने कांग्रेस के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा करार दिया है।
खुद की सरकार की उपलब्धि से तुलना कर न्याय पत्र जारी करने वाली कांग्रेस पर अन्याय करने का आरोप
बीजेपी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर हमला करते हुए कहा देश में बेरोजगारी बीजेपी के शासन काल में सबसे कम है। साथ ही विकास दर सबसे ज्यादा है। बीजेपी पार्टी ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके (कांग्रेस) राज में महंगाई दर 26 फीसदी तक पहुंच गई थी। बीजेपी ने कहा कि कांग्रेस ने हर तरफ अन्याय किया है। कांग्रेस के न्याय पत्र पर विदेश की तस्वीर लगी है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने आज शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने इसे न्याय पत्र 2024 का नाम दिया है।
बीजेपी ने किया घोषणापत्र पर कटाक्ष
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र पर बीजेपी ने कटाक्ष किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में जल प्रबंधन पर एक तस्वीर है। यह तस्वीर न्यूयॉर्क राज्य की बफेलो नदी की है। त्रिवेदी ने कहा कि पर्यावरण अनुभाग के तहत राहुल गांधी के पसंदीदा स्थान थाईलैंड की एक तस्वीर उनके घोषणापत्र में डाली गई है।
कांग्रेस की गारंटी खोखली
कांग्रेस के घोषणापत्र पर बीजेपी ने तीखा हमला किया है। राजस्थान के मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ (सेवानिवृत्त) ने घोषणापत्र को लेकर कहा कि खुजली गारंटी की श्रृंखला में, यह एक और गारंटी है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में थी तब राजस्थान में उनकी एकमात्र गारंटी राजस्थान को लूटना था।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि हर राज्य से कांग्रेस एक मजाक बनकर रह गए हैं।
कांग्रेस ने शुक्रवार को जारी किया मेनिफेस्टो
गौरतलब है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आज शुक्रवार को अपना घोषणापत्र जारी किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में घोषणापत्र जारी किया। अपने मेनिफेस्टो में कांग्रेस ने पांच ‘न्याय’ और 25 ‘गारंटी’ की बात कही है।कांग्रेस के अनुसार, पार्टी का घोषणापत्र पार्टी के पांच न्याय- हिस्सेदारी न्याय, किसान न्याय, नारी न्याय, श्रमिक न्याय और युवा न्याय पर आधारित है. इसके अलावा कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में युवा, किसान, महिला, बुजुर्ग, कारोबारी और अन्य दूसरे वर्गों पर भी फोकस किया गया है.