न्यूज़ डेस्क
बसपा को बड़ा झटका लगा है। बरेली से बसपा उम्मीदवार छोटेलाल गंगवार का परचा ख़ारिज हो गया है।यहां से बसपा ने छोटेलाल गंगवार को अपना उम्मीदवार बनाया था। छोटेलाल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल तो किया लेकिन जब शनिवार को पर्चे की जांच की गई तो उसमे कई गलतियां पाई गई। अब बसपा बरेली चुनाव से बाहर हो गई है।
वहीं, आंवला लोकसभा सीट का घटना सुनकर आप अचंभित हो जाएंगे। यहां से दो उम्मीदवार ने बसपा के सिंबल दावेदारी ठोक दी। इसके बाद यहां पर असली उम्मीदवार को लेकर काफी असमंजस की स्थिति बन गई। बसपा सुप्रीमो मायावती के हस्तक्षेप के बाद असली उम्मीदवार का पता चल पाया।
दरअसल आंवला सीट से बसपा ने मार्च में नगर पालिका अध्यक्ष सैयद आबिद को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। गुरुवार को उन्होंने नामांकन पत्र भी दाखिल किया। शुक्रवार को अचानक से सत्यवीर सिंह नाम का व्यक्ति मायावती के हूबहू हस्ताक्षर वाला दूसरा सिंबल पत्र लेकर नामांकन करने पहुंचा। उसका दावा था कि वही बसपा का असली उम्मीदवार है। इसके बाद बसपा के असली उम्मीदवार को लेकर अधिकारी भी दुविधा में आ गए। दोनों का पर्चा खारिज होने की नौबत गई।
रिटर्निंग ऑफिसर जग प्रवेश के मुताबिक एक ही पार्टी से दो प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। दोनों ने ही खुद को पार्टी से उम्मीदवार बताया। इसे लेकर असमंजस की स्थिति रही। पहले आबिद अली का पर्चा असमंजस में निरस्त श्रेणी में डाला गया था। स्थिति स्पष्ट करने के लिए बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष से वीडियो कॉल पर बातचीत की गई। इस दौरान ऑब्जर्वर भी मौजूद थे। अध्यक्ष ने आबिद अली को ही पार्टी से प्रत्याशी घोषित किए जाने की पुष्टि की। इसके बाद उनका पर्चा वैध माना गया।
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर वोटिंग होनी है। इस चरण में संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली सीट पर 7 मई को वोटिंग होनी है।