बीरेंद्र कुमार झा
सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा के कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल होने पर झारखंड कांग्रेस पार्टी में घमासान मचा हुआ है। प्रदेश कांग्रेस के तीन कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो और शहजाद अनवर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की शिकायत लेकर दिल्ली आलाकमान के पास पहुंचे हैं। पार्टी के तीनों कार्यकारी अध्यक्ष प्रभारी गुलाम अहमद मीर और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलकर प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की शिकायत करेंगे।
गीता कोड़ा पार्टी में महसूस कर रही थी उपेक्षित
कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के पास संगठन चलाने की क्षमता नहीं है। गीता कोड़ा पिछले कई महीनो से पार्टी में उपेक्षित महसूस कर रही थी। वह पार्टी की एकमात्र सांसद थी, लेकिन संगठन में उन्हें कोई तवज्जो नहीं दिया जा रहा था। उनसे संगठन में कोई राय भी नहीं ली जाती थी। प्रदेश अध्यक्ष के क्रियाकलाप के कारण गीता कोड़ा कांग्रेस में रहते हुए बड़ी विवशता महसूस कर रही थी।भारतीय जनता पार्टी ने इस अवसर का लाभ उठाया और गीता कोड़ा को भारतीय जनता पार्टी में शामिल कर लिया।
राजेश ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष रहते संगठन का भला नहीं हो सकता
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की क्रियाकलाप के कारण ही गीता कोड़ा विवश होकर भारतीय जनता पार्टी में चली गई।उन्होंने कहा की राजेश ठाकुर के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए संगठन का भला नहीं हो सकता है, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के पास संगठन चलाने को लेकर कोई विजन ही नहीं है।