न्यूज़ डेस्क
पटना गाँधी मैदान में आज ऐतिहासिक रैली देखने को मिली। राजद की तरफ से कहा गया कि इस रैली में दस लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ थी। सत्तारूढ़ बीजेपी और जदयू को भी इस भीड़ से कई संकेत मिल गए हैं। हालांकि जानकार यह भी कह रहे हैं कि अगर इस भीड़ का आधा हिस्सा भी वोट में तब्दील हो गया तो बीजेपी का खेल ख़राब हो जायेगा। इस रैली में महागठबंधन के साथ ही इंडिया गठबंधन के नेता भी जुटे। खड़गे भी आये और राहुल भी। अखिलेश यादव भी जुटे और येचुरी के साथ ही डी राजा भी। सबने जनता को सम्बोधित किया। लालू यादव ने जो कहा उस पर सबकी नजर गई।
जन विश्वास रैली के मंच पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव के पहुंचते ही समर्थक नारेबाजी कर लगे। लालू प्रसाद, पत्नी राबड़ी देवी, बेटी मीसा भारती, रोहिणी आचार्य, दोनों बेटे तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव के साथ रथ पर सवार होकर पहुंचे। वहीं, वाम दल के दीपांकर भट्टाचार्या, सीताराम येचुरी और डी राजा भी मंच पर पहुंच चुके हैं। राज्यसभा सांसद मनोज झा ने कहा कि यह भीड़ बता रही है कि जनता एनडीए सरकार से तंग आ चुकी है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। कहा कि मोदी जी ने आपसे झूठ बोला है। उन्होंने हर साल दो लाख नौकरी, बैंक खाते में 15 लाख, हर घर पक्का मकान देने का वादा किया था। क्या अब तक आपको यह मिला? मोदी जी झूठों को सरदार हैं। मोदी जी ने पटना को स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया, आप सब खुद सच्चाई देख लीजिए। नौकरी नहीं होने के कारण मोदी के स्टेट में 25 हजार लोग पिछले तीन साल में आत्महत्या कर चुके हें।
खड़गे ने कहा सबको धोखा देना ही मोदी की गारंटी है। तेजस्वी यादव ने आपसे जो वादा किया वह उन्होंने पूरा किया। इंडी गठबंधन वाले जो करते हैं, वही करते हैं। 17 माह में लाखों नौकरी इसका उदाहरण है। संविधान बचाना चाहते हैं तो आप सभी लोग भाजपा को सत्ता से हटा दें। यह आपका काम है देश का संविधान, बचाना और लोकतंत्र बचाना। भाजपा वाले ईडी, आईटी और सीबीआई को लेकर डराने का काम करना चाहते हैं लेकिन हमलोग डरने और झुकने वाले नहीं है। इसलिए तो लालू जी पर इतने केस हैं फिर भी वह सरकार के सामने झुके नहीं। लेकिन, तेजस्वी के चाचा भाजपा की शरण में चले गए। वह कहते हैं कि थोड़े दिन के लिए इधर-उधर गया था।
तंज कसते हुए खरगे ने कहा-आपके चाचा मामू की चाय पीने गए हैं। फिर आएंगे। लेकिन, इस बार उनको कभी लेना नहीं। हमलोग 2024 में सबसे ज्यादा सीट लाएंगे और भाजपा को हराएंगे। राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में नफरत क्यों फैल रही है। इस देश में नफरत की जगह नहीं है। इसका सबसे बड़ा कारण अन्याय है। युवाओं, किसानों, गरीबों के खिलाफ अन्याय है। मोदी जी केवल दो तीन अरबपतियों के लिए काम करते हैं। उनके लाखों करोड़ों रुपये के कर्ज माफ कर दिए गए। किसानों के कर्ज क्यों नहीं माफ किए जा रहे हैं। एक उद्योगपति के हाथ में हिन्दुस्तान के बंदरगाह, रेलवे, रक्षा को पकड़ा दिया है।
उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में 50 प्रतिशत आबादी पिछड़ों की है। दलितों की 15 प्रतिशत, आदिवासियों को आठ प्रतिशत आबादी है। अब देखिए 73 प्रतिशत में हिन्दुस्तान की बड़ी कंपनियों की लिस्ट निकालइए, इसमें से एक भी आदमी आपको नहीं मिलेगा। बड़े-बड़े प्राइवेट अस्पतालों में इन 73 प्रतिशत से एक भी नहीं मिलेगा। पहले पब्लिक सेक्टर में गरीबों को नौकरी मिल जाती थी। मगर नरेंद्र मोदी ने सारे रास्तेे बंद कर दिए। सेना में अग्निवीर लागू कर दिया। पहले बार इस देश में दो तरीके के शहीद होंगे।
राहुल ने कहा कि एक शहीद होता तो उसे पेंशन समेत सारे सुविधाएं मिलेंगे। दूसरा शहीद होगा तो उसको न पेंशन मिलेगा और न शहीद का दर्जा मिलेगा। एक तरफ पाकिस्तान और चाइना के सैनिक सालों भर ट्रेनिंग लेते हैं। वहीं दूसरे तरह हमारे मोदी जी कुछ माह की ट्रैनिंग देकर उनको बॉर्डर पर खड़ा कर देते हैं। यह अन्याय है। हमलोग भाजपा और आरएसएस से नहीं डरते हैं। हमलोग भाजपा और आरएसएस को यहां से हटाकर इंडी गठबंधन की सरकार बनाएंगे।
रैली को अखिलेश यादव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि यह जो परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं, मैं उन भाजपा वालों से कहना चाहता हूं कि वह संकल्प लें कि किसी परिवार वाले को टिकट नहीं देंगे। और, संकल्प लें किसी परिवारवालों से वोट लेने नहीं जाएंगे। गांधी मैदान में यह जो जोश दिख रहा है, यही बदलाव लाएगा। जो भाजपा को हराएगा। पहली सूची भाजपा की आ गई। उसमें बिहार बाहर है। इसलिए वह बिहार से वह बाहर जाने वाले हैं। यूपी वाले भी बाहर जाने वाले हैं।
वामदल के दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि दिल्ली की सरकार से मैं कहता हूं सिहांसन खाली करो, जनता आ रही है। पिछले 10 साल से जो पार्टी जनता के साथ विश्वासघात कर रही है, उसका काम केवल बुलडोजर चलाना है। उस पार्टी का काम है बुलडोजर से पूरे देश की अर्थव्यवस्था को रौंद देना। अब बुलडोजर पार्टी नहीं चलेगी। किसान दिल्ली की सीएम पर आना चाहते हैं।
उन्होंने कहा यह सरकार अंबानी और अडाणी के आगे खुद कालीन बनकर बिछ जाती है। अंबानी के बेटे की शादी का नजारा यह लोग देख रहे हैं, लेकिन, किसानों को दिल्ली आने नहीं दे रहे हैं। भाजपा वाले भारत रत्न का इस्तेमाल सत्ता के लिए करेंगे यह किसी ने सोचा नहीं होगा। आज कर्पूरी जी को सम्मान देने के नाम पर विधायकों को तोड़ा जा रहा है। खरीदा जा रहा है। और, जो झुक नहीं रहा उसका हाल माले विधायक मनोज मंजिल को तरह कर दिया जाता है। मनोज मंजिल को फर्जी मुकदमे में फंसाया गया है। नीतीश जी जाने से इंडी गठबंधन को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। बिहार की जनता लड़ेगी और तानाशाही को खत्म करेगी।
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोग गोबर को गाजर का हलवा बनाकर परोस देते हैं। इतना झूठ बोलते हैं कि अब जनता भी सब जान चुकी है। मोदी जी कल आपने बोला कि अपने पिता का काम-काज नहीं गिनाता है। आज मैं आपको जवाब देने आया हूं। आप चश्मा साफ करके देख लीजिए यह भीड़ आपको सच बता देगी। मोदी जी आपको बता देता हूं कि लालू जी ने रेलवे को 90 हजार करोड़ का मुनाफा दिलवाया। आपने कितना मुनाफा दिलवाया 2014 से अबतक।
तेजस्वी यादव ने कहा लालू जी ने इतना रोजगार दिया। कुलियों को नौकरी दी। रेलवे में कुल्हड़ का कप चलवाया ताकि कुम्हार भाइयों को रोजगार मिले। भाजपा के लोग केवल बकवास बोलते हैं। केवल झूठ बोलते हैं। यह लोग बोलते हैं कि परिवारवादी राजनीति। मोदी जी के पीछे सम्राट चौधरी थे, दिवंगत रामविलास पासवान के भाई पशुपति पारस थे, जीतन राम मांझी के बेटे थे। क्या इनमें परिवारवाद नहीं दिखता है। भाजपा वाले कहते हैं मोदी की गारंटी। मैं कहता हूं आप चाचा की गारंटी लेकर दिखाओ।
उन्होंने कहा बिहार सरकार को इंश्योरेंस करवा लेना चाहिए। चाचा की कोई गारंटी नहीं है। रितिक रोशन के फिल्म का गाना गाते हुए तेजस्वी ने नीतीश कुमार पर तंज कसा। उन्होंने इधर चला मैं, उधर चला, जाने कहां मैं फिसल गया। ऐसे हैं हमारे चाचा जी।
तेजस्वी यादव ने कहा कि मुझे गर्व है कि अपने पिता पर। जन विरोधी ताकतों ने उन्हें दौड़ाया, उनके खिलाफ साजिश रची, उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई लेकिन फिर वह झुके नहीं। मैं आपको बता दूं कि जब बाप नहीं डरा तो बेटा कैसे डरेंगे। भाजपा वाले ईडी और सीबीआई का सहारा लेकर डराने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन, हमलोग डरने वाले नहीं है। भाजपा वाशिंग मशीन के साथ-साथ डस्टबीन वाली पार्टी हो गई है। भाजपा ने दो-दो उपमुख्यमंत्री बनाया है। एक दो अनाप-शनाप बोला है दूसरा बड़बोला है। सम्राट चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि एक जो बड़बोले हैं, वह 14 साल से चुनाव नहीं लड़े हैं। अंतिम बाद चुनाव लड़कर जीते थे, वह भी राजद के टिकट पर। चाचा जी तो पलटी मारते ही हैं लेकिन सम्राट चौधरी भी उनसे कम नहीं है।