बीरेंद्र कुमार झा
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शादी समारोह में शान के लिए दुल्हन को हर्ष फायरिंग करना बहुत महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर गोली चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद से दुल्हन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। वायरल वीडियो में दुल्हन लगातार गोलियां चलाती नजर आ रही हैं।दुल्हन ने एक नहीं,दनादन तीन गोलियां हवा में चलाई है।हालांकि पुलिस ने वीडियो वायरल के बाद इस मामले में अज्ञात दुल्हन और दूल्हे के विरुद्ध धारा 290 और 336 में मुकदमा दर्ज कर लिया है,लेकिन पुलिस अभी तक दुल्हन की तलाश नहीं कर पाई है।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने किया मामला दर्ज
शादी के मंडप पर दनादन गोलियां चलने वाली दुल्हन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दुल्हन का हर्ष फायरिंग करने वाला वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया, तो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। दूल्हा- दुल्हन पर केस दर्ज कर लिया गया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने पिस्तौल वाली दुल्हन की जानकारी प्राप्त की तो वह कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की बताई गई। पुलिस लगातार दूल्हा – दुल्हन की तलाश कर रही है, लेकिन इन दोनों का अबतक पुलिस को कोई पता नहीं चल पाया है।
एक युवक ने दुल्हन को लगातार फायरिंग का सिखाया गुर
इस वीडियो में एक गोली चलाने के बाद जब पिस्टल रुक जाता है तो ब्याह समारोह में मौजूद एक युवक दुल्हन को पिस्तौल पकड़ना और लगातार गोलियां चलाने के बारे में बताते नजर आता है।युवक से जानकारी प्राप्त होने के बाद दुल्हन लगातार तीन गोलियां हवा में चला देती है।यही कारण है की वीडियो देखने के बाद
कुछ लोग यह कहने लगे हैं कि इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली वीडियो के आधार पर दूल्हा- दुल्हन पर तो केस दर्ज कर लिया है,लेकिन जो दुल्हन को लगातार गोली चलाने के लिए कह रहा है, क्या पुलिस उसे पर भी कोई कार्रवाई करेगी या उसे वैसे ही छोड़ देगी।