बीरेंद्र कुमार झा
लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए ने सीट बंटवारा में चिराग पासवान के नेतृत्ववाली एलजेपी को कोटे के अंदर दिए जाने वाले सभी 5 सीट आवंटित कर दिए,जबकि चिराग के चाचा पशुपति पारस के गुट वाले एलजेपी को 4 एमपी और खुद के मंत्री के रहते हुए भी कोई सीट नहीं दिया। अब बीजेपी गठबंधन के तहत उसे जिताने का भी प्रस्यश शुरू हो गया है, ताकि एनडीए 400 पार का लक्ष्य हासिल कर सके। इसी क्रम में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई के खैरा बल्लोपुर के मंच से बिहार में एनडीए के चुनाव प्रचार का शंखनाद किया। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद पीएम की बिहार में यह पहली जनसभा है। देवघर के रास्ते जमुई पहुंच पीएम मोदी ने यहां चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती के समर्थन में वोट मांगें।इस अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दिवंगत रामविलास पासवान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज रामविलास की कमी खल रही है। वे मेरे परम मित्र थे।उनकी विरासत को मेरा छोटा भाई चिराग पासवान आगे बढ़ा रहा है।
चुनाव रैली नहीं बल्कि विजय रैली लग रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमुई में भारत माता की जय के साथ अपने भाषण की शुरुआत की।उन्होंने कहा कि यह भगवान महावीर की धरती है। सभा में जो हुजूम आया है, उससे यह लग रहा है कि यह चुनावी रैली नहीं बल्कि विजय रैली है।उन्होंने लोगों से बिहार की सभी 40 सीटें एनडीए को देने की अपील की।इससे पूर्व पीएम मोदी ने मंच पर आने के साथ जनता का अभिवादन किया।पीएम मोदी मंच पर पहुंचते ही चिराग पासवान ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा के अलावा आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा भी मंच पर मौजूद थे।
बिहार के साथ नहीं हुआ न्याय
एनडीए की रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार की धरती पूरे देश को दिशा दिखाने वाली रही है। बिहार की इस धरती ने आजादी की लड़ाई में और स्वतंत्र भारत की नींव मजबूत करने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है, लेकिन दुर्भाग्य से बिहार के सामर्थ्य के साथ आजादी के बाद पांच छह पीढियों के साथ यहां न्याय नहीं हो पाया। एनडीए में बिहार को बहुत की कठिन परिश्रम में एक बहुत बड़े दलदल से बाहर निकाला, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुत बड़ी भूमिका रही है।
यह चुनाव बिहार के भविष्य के लिए निर्णायक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब समय आ गया है कि बिहार और तेज गति से विकास करे, इसलिए 2024 का चुनाव बिहार और भारत के भविष्य के लिए बहुत ही निर्णायक है।यह चुनाव विकसित बिहार के सपनों को पूरा करने का चुनाव है।यह चुनाव विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का चुनाव है।आज एक तरफ कांग्रेस और आरजेडी जैसी पार्टियां हैं जिन्होंने अपनी सरकार के समय पूरी दुनिया में देश का नाम खराब किया।दूसरी तरफ बीजेपी और एनडीए है जिसका सिर्फ एक ही लक्ष्य है विकसित भारत का निर्माण और खुशहाल बिहार का निर्माण।
कांग्रेस राज में भारत कमजोर और गरीब देश था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 10 साल पहले दुनिया में भारत को लेकर क्या राय होती थी, इसे आप सब जानते हैं। कांग्रेस राज में भारत को गरीब और कमजोर देश माना जाता था। आज जो आटे के लिए तरस रहे हैं (पाकिस्तान) उनके आतंकी हमारे यहां हमले करते थे।कांग्रेस सरकार दूसरे देशों के पास इसकी शिकायत लेकर जाती थी। मगर मोदी ने कहा कि ऐसे नहीं चलेगा। भारत वही महान पाटलिपुत्र और मगध वाला देश है।यह चंद्रगुप्त मौर्य वाला भारत है।आज का भारत घर में घुसकर मारता है।
जंगलराज में नक्सलवाद से होती थी जमुई की पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। चंद्रमा के जिस कोने तक कोई नहीं पहुंचा था, वहां हमारा चंद्रयान और तिरंगा पहुंचा है।भारत जब जी20 की बैठक करता है तो उसकी चर्चा पूरे विश्व में होती है।यह मोदी ने नहीं, ये आपने किया है।आपके एक वोट से यह सब हो पाया है।यही आपके वोट की ताकत है।इसलिए इस सफलता की हकदार जनता है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस के काले दौर में जमुई की पहचान नक्सलवाद से होती थी।जंगलराज में सरकार की योजनाएं यहां नहीं पहुंचने दी जाती थी।नक्सली यहां सड़कें नहीं बनने देते थे। इसका नुकसान यहां के गरीब मजदूरों और किसानों को होता था।आज वही जमुई विकास के हाइवे पर तेज रफ्तार पकड़ रहा है।