बीरेंद्र कुमार झा
बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में महाशिवरात्रि पर बाबा भोलेनाथ का भव्य शिव बारात निकलेगा। पूरा देवघर इसके लिए सज धज कर तैयार है। शिव बारात को देखने के लिए देश भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु महाशिवरात्रि के 2- 3 दिन पहले से ही देवघर पहुंचने लगे हैं। देवघर के लगभग सारे होटल फूल हो चुके हैं। जिला प्रशासन ने शिव बारात को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए 150 की संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और 2000 से अधिक पुलिस वालों की तैनाती की गई है। गोड्डा सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे के नेतृत्व में महाशिवरात्रि महोत्सव समिति द्वारा देवघर केकेएन स्टेडियम से शाम 6:00 बजे भव्य शिव बारात निकाला जाएगा।इस वर्ष शिव बारात में भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे और पवन सिंह भी शामिल रहेंगे।शिव बारात को लेकर पूरे देवघर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। देवघर में अयोध्या की तर्ज पर लाइट से श्री राम मंदिर बनाया गया है। बारात में कुल 45 देवी- देवताओं सहित दैत्यों की झांकी को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही पांच राक्षस के पात्र भी पैदल बारात में भ्रमण करेंगे।बारात का मुख्य आकर्षण तंबकासुर है,जो नशा मुक्ति का संदेश देगा। शिव बारात में 60 घोड़े,6 ऊंट और आठ बग्घियां होंगी। इस वर्ष बारात को दिल्ली की ग्राउंड मैनेजमेंट एजेंसी क्रेयॉन की टीम द्वारा पूरे व्यवस्थित तरीके से निकाला जाएगा।
बारात में बजेंगे नासिक और उज्जैन के ढोल
पूरे बारात में नासिक और उज्जैन का ढोल आकर्षण का केंद्र रहेगा। दोनों शहर से बैंड पार्टी देवघर पहुंच चुकी है।इसमें महिला व पुरुष पूरे आकर्षक परिधान के साथ ढोल बजाएंगे। पहली बार शिव बारात में फूलों की बारिश की व्यवस्था की जा रही है। शिव बारात रूट में पांच जगह पर गेट से ही बारातियों का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया जाएगा। इसके लिए हावड़ा से हजारों किलो फूल देवघर मंगवाया जा रहा है।
क्यूआर कोड से बाबा बैजनाथ के साथ ले पाएंगे फोटो
टावर चौक के पास 3 डी स्क्रीन लगाया गया है,जिसमें नई टेक्नोलॉजी के साथ लोग सेल्फी ले पाएंगे। सेल्फी पॉइंट का नाम सेल्फी विद बाबा बैद्यनाथ दिया गया है। सेल्फी पॉइंट में क्यू आर कोड रहेगा।इसमें जैसे ही कोई व्यक्ति सेल्फी लेगा तो उन्हें बाबा बैजनाथ मंदिर के साथ का फोटो मिल जाएगा। साथ ही महाशिवरात्रि महोत्सव समिति के सोशल मीडिया पेज पर भी क्यू आर कोड के जरिए फोटो आ जाएगा। लोग पीएम नरेंद्र मोदी और सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे के फोटो के साथ भी इस बार कोड के जरिए सेल्फी ले पाएंगे। शिव बारात रूट सहित शहर के अलग-अलग स्थान पर कल 12 सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इन सेल्फी पॉइंट पर अलग-अलग धार्मिक व आकर्षक लुक के साथ श्रद्धालु सेल्फी ले पाएंगे। यह सेल्फी प्वाइंट खुली जगह पर बनाए गए हैं।
दोपहर 1:00 बजे तक पहुंचेंगे भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी निरहुआ पवन सिंह और आम्रपाली दुबे
शिव बारात में शामिल होने के लिए भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे और पवन सिंह दोपहर 1:00 बजे दिल्ली से देवघर आएंगे। दिल्ली से देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद ये भोजपुरी स्टार सीधे मैहर गार्डन पहुंचेंगे। मैहर गार्डन में आराम करने के बाद शाम 6:00 बजे ये भोजपुरी स्टार केकेएन स्टेडियम पहुंचकर बारात में शामिल हो जाएंगे।बारात में सबसे आगे मंगल कलश और सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे रहेंगे। उसके बाद सभी भोजपुरी कलाकार खुली जीप में लोगों का अभिवादन करेंगे। पूरे बारात रूट में ये सभी कलाकार भ्रमण करेंगे और दूसरे दिन एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। बारात में सभी वॉलिंटियर्स को महाशिवरात्रि समिति की ओर से टी-शर्ट दिए गए हैं।
शिव बारात की परंपरा को बढ़ाते हुए दिया जा रहा है भव्य रूप
गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि देवघर में शिव बारात की परंपरा को आगे बढ़ते हुए इसे भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। इस वर्ष बारात को व्यवस्थित तरीके से समय पर निकाला जा रहा है। बारात में कई भोजपुरी कलाकार शामिल हो रहे हैं ।पहली बार बारातियों का स्वागत पुष्प वर्षा से किया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं से आग्रह होगा कि वह इस अवसर पर आयोजित होने वाले शिव बारात को देखने आएं और पुण्य की भागी बने।