बीरेंद्र कुमार झा
पश्चिम बंगाल और पंजाब में इंडिया गठबंधन के बीच सीट शेयरिंग फ्लॉप हो जाने और महाराष्ट्र में सीट बंटवारे के बीच चल रही किचकिच के बीच झारखंड से इंडिया गठबंधन के लिए एक अच्छी खबर आई है।झारखंड में इंडिया गठबंधन के बीच सीट बंटवारे का फार्मूला तय हो गया है। जल्दी अब यहां सीट शेयरिंग की घोषणा भी कर दी जाएगी। इस फार्मूला के अनुसार 7 सीट कांग्रेस, 5 सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा ,एक सीट राष्ट्रीय जनता दल और एक सीट वाम दल को मिलेगी।हालांकि एक सीट को लेकर अभी भी झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस में सहमति बनाने का प्रयास चल रहा है।
कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच बदल सकती है स्थिति
इंडिया गठबंधन के घटक दलों के बीच 7-5-1-1 का फार्मूला तय हो जाने के बावजूद कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच की स्थिति बदल सकती है। दरअसल इस फार्मूला के तय होने के बावजूद लोहरदगा सीट को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच अभी पूरी तरह से सहमति नहीं बन पाई है और इस पर सहमति बनाने का प्रयास चल रहा है। लोहरदगा के सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार अगर लोहरदगा की सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा को मिल जाती है, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच 6- 6 सीट का बटवारा होगा।हालांकि कांग्रेस भी लोहरदगा की सीट को अपनी परंपरागत सीट बात कर इसे झारखंड मुक्ति मोर्चा को देने से इनकार कर रही है। वहीं दूसरी तरफ झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक चमड़ा लिंडा इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक रहे हैं
वाम दल और आरजेडी का मनमाफिक सीटों के लिए प्रयास
झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाली वर्तमान महागठबंधन की सरकार में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलावा कांग्रेस और राजद के बीच गठबंधन है। वाम दल इस गठबंधन का सदस्य नहीं है,लेकिन वाम दल इंडिया गठबंधन का सदस्य है।ऐसे में वाम दल को भी आपसी सहमति बनाकर संयुक्त रूप से कोडरमा से प्रत्याशी देने का आग्रह किया गया है। आरजेडी द्वारा प्रारंभ में पलामू और चतरा दो सीटों की मांग की जा रही थी, लेकिन अब आरजेडी को चतरा की एक ही सीट दिए जाने पर सहमति बन गई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस फार्मूले पर हेमंत सोरेन से भी राय ले ली गई है।बताया जा रहा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा इस बार कांग्रेस द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद ही अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगा। फिलहाल कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है, वहीं दूसरी तरफ एनडीए गठबंधन के घटक दल बीजेपी द्वारा झारखंड के 14 में से 11 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। चतरा और धनबाद से बीजेपी ने अभी अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। वही गिरिडीह सीट एजेएसयू को मिली है।
वर्तमान फार्मूले के तहत झारखंड में इंडिया गठबंधन के घटक दलों को मिली सीटें
वर्तमान फार्मूले के तहत झारखंड मुक्ति मोर्चा को जो सीटें मिली हैं ,उसमें राजमहल,दुमका,गिरिडीह, जमशेदपुर और सिंहभूम शामिल है। वहीं कांग्रेस को वर्तमान फार्मूले के तहत रांची, हजारीबाग,धनबाद, खूंटी,पलामू, गोड्डा और लोहरदगा की सीटें मिला है।आरजेडी को चतरा की सीट मिली है, जबकि वाम दल को कोडरमा की सीट दी गई है ।