नागपुर, राप्र संवादक
इन दिनों भारतीय रेलवे में आधारभूत संरचना के साथ सेमी हाईस्पीड ट्रेनें, विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशनों का निर्माण रिकॉर्ड तेजी से किया जा रहा है। यह गर्व की बात है लेकिन इसी के साथ बेटिकट यात्रियों की रिकॉर्ड वृद्धि भी देखी जा रही है। यह बेहद चिंताजनक है। कम से कम नागपुर में स्थित दक्षिण-पूर्व-मध्य रेल और मध्य रेल के मंडलों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे आंकड़े तो यही कहानी कह रहे हैं।
एसईसीआर नागपुर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंडल के तहत वित्त वर्ष 2023-24 में अप्रैल से फरवरी तक 11 माह में कुल 4,56,155 यात्री बिना टिकट या अनियमित यात्रा करते हुए पकड़े गये हैं। यानी हर महीने करीब 41,468 यात्रियों ने बिना टिकट या अनियमित यात्रा की। मध्य रेल नागपुर मंडल ने 14 दिन के विशेष अभियान में 2,534 यात्रियों को पकड़ा। यानी हर दिन करीब 181 यात्री बिना टिकट सफर करते पकड़े गए। इन आंकड़ों को देखें तो यह बात समझ से परे है कि ट्रेनों की संख्या, लोगों में शिक्षा का स्तर बढऩे के बाद भी बेटिकट यात्रियों की संख्या बेतहाशा ढंग से कैसे बढ़ रही है।
एसईसीआर नागपुर मंडल के तहत फरवरी माह में कुल 1.65 मिलियन यात्रियों ने टिकटें खरीदी। यानि कुल 16.5 लाख यात्रियों ने आधिकारिक तौर पर टिकट खरीदकर सफर किया। इससे मंडल को 25.09 करोड़ की आय हुई। निश्चित तौर पर टिकट बिक्री की बढ़ती संख्या रेलवे बिक्री की बढ़ती संख्या रेलवे के लिए खुशी की बात है, लेकिन साथ ही बेटिकट यात्रियों की संख्या घटने के बजाय लाखों तक पहुंचना बेहद चिंताजनक है।