विकास कुमार
यामी गौतम स्टारर फिल्म ‘आर्टिकल 370’ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। फिल्म को न सिर्फ भारत के दर्शक सराह रहे हैं बल्कि दुनियाभर में फिल्म को भरपूर प्यार मिल रहा है। यही वजह है कि ‘आर्टिकल 370’ अपने तीन दिनों के कलेक्शन के साथ ही बजट निकालने में कामयाब रही है। ‘आर्टिकल 370’ दुनियाभर में शानदार परफॉर्मेंस दे रही है। फिल्म ने महज 3 दिनों में तीस करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई कर ली है। यामी गौतम ने खुद ‘आर्टिकल 370’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन पोस्टर शेयर किया है। इसके मुताबिक फिल्म ने तीन दिनों में कुल 34 करोड़ 71 लाख रुपए का बिजनेस कर लिया है।
यामी गौतम ने ‘आर्टिकल 370’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन शेयर करते हुए लिखा कि जब हम ‘आर्टिकल 370’ बना रहे थे, तो कई लोगों ने हमसे कहा कि यह फिल्म दर्शकों के बीच काम नहीं करेगी। यह बहुत टेक्निकल है, बहुत सारे राजनीतिक शब्दजाल हैं वगैरह वगैरह। लेकिन हम बहादुरी के साथ आगे बढ़े क्योंकि हम जानते थे कि विरोध करने वाले हमारे दर्शकों को कम आंक रहे थे। उन्हें बिल्कुल गलत साबित करने के लिए आप सभी का शुक्रिया,हमारी छोटी सी फिल्म को इतना प्यार देने के लिए बड़े दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद, हम पोलाइट हैं और आप सभी के हमेशा शुक्रगुजार रहेंगे. शुक्रिया! जय हिन्द।
‘आर्टिकल 370’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा कारोबार किया है,उम्मीद है कि 20 से 25 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म सौ करोड़ के आंकड़े को पार कर लेगी।