Weather Today 23 February 2024:-
उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम बदल रहा है। कभी तेज धूप निकल आती है तो कभी सर्द हवाएं चलने लगती हैं। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन के समय में मौसम गर्म रहता है। हालांकि, बारिश ने एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में जाती हुई सर्दी और बारिश का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश की वजह पश्चिमी विक्षोभ है। साथ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी पड़ने के भी आसार हैं। बारिश का सिलसिला 25 फरवरी तक जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में वेस्टर्न हिमालय के इलाके में छिटपुट हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है। इसके अलावा, नॉर्थ ईस्ट भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, नॉर्थ झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं, उत्तरी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है। ताजा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के मद्देनजर 24 से 27 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालय के इलाके में छिटपुट से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है। मौसम विभाग ने इससे लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है।