September 19, 2024

3 दिन से झारखंड के नाराज कांग्रेस विधायक दिल्ली में जमाए हैं डेरा, आलाकमान नहीं दे रहा मिलने का समय

3 दिन से झारखंड के नाराज कांग्रेस विधायक दिल्ली में जमाए हैं डेरा:-

कांग्रेस के 8 नाराज विधायक पिछले तीन दिनों में पार्टी आलाकमान से नहीं मिल पाए हैं।झारखंड में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने से नाराज विधायक शनिवार की देर शाम रांची छोड़कर हवाई जहाज से दिल्ली चले गए थे। विधायकों ने कहा था कि वह अपनी बातें केंद्रीय नेतृत्व के पास रखेंगे। नाराज विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलना चाहते हैं। लेकिन प्राप्त सूचना के अनुसार इन विधायकों को मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलने का अभी तक समय नहीं दिया गया है। दिल्ली दरबार झारखंड से आए कांग्रेस के इन नाराज विधायकों को कोई भाव ही नहीं दे रहा है। इधर शनिवार को दिल्ली पहुंच कर इन विधायकों ने एक रिसॉर्ट में डेरा जमाया था।सोमवार को इन विधायकों ने उस रिसॉर्ट को छोड़ दिया है।कांग्रेस के इन नाराज विधायकों ने प्रदेश के नेताओं से भी दूरी बना ली है।इधर प्रदेश नेतृत्व विधायकों के नए ठिकाने का पता लगाने में जुटा है।

झारखंड प्रभारी ने आलाकमान को किया है अपडेट

कांग्रेस के इन नाराज विधायकों से झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने बातचीत की है। रांची में शपथ ग्रहण से पूर्व और दिल्ली में भी इन विधायकों से झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर की बातचीत हुई है। प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने विधायकों की समस्याएं सुनी और उनकी नाराजगी को दूर करने का प्रयास किया है। उन्होंने विधायकों को आश्वासन दिया कि आपका जो भी कार्य होगा ,संबंधित विभाग के मंत्री उसे गंभीरता से लेकर उसका शीघ्र निदान करेंगे। मंत्रियों के कामों की भी मॉनिटरिंग होगी।झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इन विधायकों के साथ हुई बातचीत से कांग्रेस आलाकमान को अवगत करा दिया है।

कांग्रेस के नाराज विधायकों ने बनाया है व्हाट्सएप ऐप ग्रुप

कांग्रेस के नाराज विधायकों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। पहले इस ग्रुप में 12 विधायक थे।इसमें चार विधायक दिल्ली नहीं गए ऐसे में उन्हें इस व्हाट्स ऐप से विलोपित कर दिया गया ,जिससे यह व्हाट्सएप ग्रुप छोटा हो गया है।झारखंड कांग्रेस के नाराज विधायक इसी ग्रुप में सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहे हैं। इस पूरे प्रकरण पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि कांग्रेस के सभी विधायक हमारे साथ हैं। पार्टी पूरी तरह से इंटैक्ट है।कुछ विधायकों की कुछ पीड़ा रही होगी जिसे वे केंद्रीय नेतृत्व को बताना चाहते हैं और इसलिए वह दिल्ली गए हुए हैं। केंद्रीय नेतृत्व से मिलने में कोई परेशानी वाली बात नहीं है।

आठ विधायक तो मंत्री नहीं बन सकते

पार्टी के फैसले से नाराज चल रहे कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने बताया की वे केंद्रीय नेतृत्व से बात करने दिल्ली आए हैं।हम अपनी भावना से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करना चाहते हैं।हमारी इतनी शिकायत है कि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले विधायकों की राय ली जानी चाहिए थी।हम सभी मंत्री तो बन नहीं सकते हैं। यहां आठ विधायक हैं, सभी मंत्री बनने तो नहीं आए हैं, लेकिन इनमें से दो या तीन को तो मंत्री बनाया जा सकता था।हमने झारखंड प्रभारी गुलाम मोहम्मद मीर और पूर्व झारखंड प्रभारी उमंग सिंगार से बात की है। वे हमारी बातों को आलाकमान तक पहुंचा देंगे।गौरतलब है कि कांग्रेस के ये नाराज विधायक झारखंड मंत्रिमंडल विस्तार में दोबारा कांग्रेस खेमे से जगह पाने वाले मंत्रियों को हटाकर कांग्रेस के उन विधायकों को मंत्री बनना चाहते हैं जिन्हें अभी तक मंत्री पद नहीं मिला है।

झारखंड कांग्रेस के नाराज विधायकों के तरीके से नाराज हैं केसी वेणुगोपाल

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने झारखंड के कुछ नाराज विधायकों से फोन पर बात की है। उन्होंने विधायकों के विरोध के तरीके पर नाराजगी जताई है।कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश नेतृत्व से भी इस मामले में अपडेट लिया है।