September 19, 2024

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के घर हुआ बेटे का जन्म, विराट और अनुष्का ने बेटे का नाम रखा अकाय

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के घर हुआ बेटे का जन्म:-

महान बल्लेबाज विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा फिर से पेरेंट्स बन गए हैं। 15 फरवरी को अनुष्का ने बेटे को जन्म दिया है।उन्होंने इसकी जानकारी 20 फरवरी को इंस्टाग्राम पोस्ट पर दी है।कपल ने कहा कि आपकी दुआओं की दरकार है, कृपया इस वक्त हमारी प्राइवेसी का ध्यान रखें। हालांकि 13 फरवरी को इंडस्ट्रियलिस्ट हर्ष गोयनका ने अपने ट्वीट में- ‘टू बी बोर्न इन लंदन’ लिखा था।इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि विराट कोहली और अनुष्का के दूसरे बच्चे का जन्म लंदन में ही हुआ है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने बेटे का नाम अकाय रखा है। अकाय का अर्थ निराकार या पूर्ण चंद्रमा या पूर्ण चंद्रमा की रोशनी भी होता है। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की एक बेटी है जिसका नाम वामिका है। भगवान शिव और देवी पार्वती के मिले-जुले स्वरूप को वामिका कहा जाता है।

डिविलियर्स ने किया था कोहली के पिता बनने की खबर का खुलासा

कुछ दिन पहले साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब लाइव स्ट्रीम में कोहली के पिता बनने की खबर का खुलासा किया था। एबी डिविलियर्स ने कहा था कि कोहली पिता बनने वाले हैं और वे परिवार के साथ हैं इसीलिए उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ब्रेक लिया है।बाद में डिविलियर्स ने कोहली की प्राइवेसी लीक करने पर माफी मांगी थी और अपने बयान को अपनी बहुत बड़ी गलती बताया था। वहीं कोहली के बेटे के जन्म के 2 दिन पहले हर्ष गोयनका ने भी जानकारी दी थी। इंडस्ट्रियलिस्ट हर्ष गोयनका ने 13 फरवरी को ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी थी कि अनुष्का लंदन में दूसरे बच्चे को जन्म देंगी। हर्ष गोयनका ने अपने ट्वीट में ‘मेड इन इंडिया’ और ‘टू बी बोर्न इन लंदन’ को भी टैग किया है। हर्ष गोयनका ने अपने ट्वीट में लिखा था कि, ‘अगले कुछ दिनों में एक नया बेबी पैदा होगा!।आशा है कि बच्चा महान क्रिकेटर पिता की तरह भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा या फिर वह अपनी मां को फॉलो करेगा और एक फिल्म स्टार बनेगा?’

इस ट्वीट से लोगों को यकीन हो गया था कि अनुष्का और विराट फिर से पेरेंट्स बनने वाले हैं। इसके बाद से ही फैंस विराट-अनुष्का को बधाई देने लगे थे। वहीं विराट कोहली और अनुष्का के घर अब एक नन्हा मेहमान आ चुका है और इसकी खुशी दुनिया भर में फैले विरुष्का के फैंस को भी है।