October 18, 2024

UK: इंग्लिश चैनल को पार करते समय नाव पलटी, पांच की मौत; फ्रांस के समुद्री तट से ब्रिटेन जा रहे थे प्रवासी

UK: इंग्लिश चैनल को पार करते समय एक नाव पलटने से पांच लोगों की मौत हो गई। छोटी सी नाव पर करीब सत्तर अवैध प्रवासी सवार हो रहे थे। लेकिन यह पलट गई।

फ्रांस के समुद्री जल क्षेत्र में इंग्लिश चैनल को पार करते समय रविवार को एक नौका पलट गई। इसमें पांच अवैध प्रवासियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

फ्रांसीसी मीडिया की खबरों के मुताबिक, छोटी सी नौका में सत्तर लोग सवार होने का प्रयास कर रहे थे। तभी यह पलट गई। घटना विमेरेक्स समुद्र तट के पास हुई।  नौका फ्रांस के समुद्री प्रांत  के तट से ब्रिटेन के लिए रवाना होने से पहले ही पलट गई। जिससे प्रवासी मुश्किल में फंस गए। तट पर गश्त कर रहे एक समुद्री जहाज पांच शवों को बरामद किया है।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बचाव अभियान के तहत दर्जनों लोगों पानी से निकाला गया। फ्रांसीसी तटरक्षख बल ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। फ्रांस के समुद्री प्रांत के एक प्रवक्ता ने बताया कि 32 लोगों को बचाया गया। एक व्यक्ति की हालत गंभीर थी। जिसे पास के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हाइपोथर्मिया के लिए घटनास्थल पर ही उपचार दिया गया।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने जताया दुख
ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने इस घटना को ‘हृदय विदारक’ बताया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने कहा, जब ये चीजें होती हैं और जीवन का नुकसान होता है तो दिल टूट जाता है। आप सोच सकते हैं कि यह कितनी भयावह घटना रही होगी। रात में इंग्लिश चैनल का पानी ठंडा रहा होगा। इसके बारे में सुनकर मेरा दिल टूट गया।