September 17, 2024

Alia Bhatt:आलिया भट्ट का नेटवर्थ सुनकर उड़ जाएंगे होश, फिल्मों के साथ बिजनेस से भी मोटा पैसा कमाती हैं आलिया

विकास कुमार
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री आलिया भट्ट अपनी एक्टिंग के लिए मशहूर हैं। आलिया का नाम बॉलीवुड की चर्चित अदाकाराओं में शुमार होता है। फिल्मी पृष्ठभूमि से होने के चलते आलिया के अंदर अभिनय की प्रतिभा कूट-कूटकर भरी है। साल 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से डेब्यू करने के बाद से आलिया ने अपने एक दशक से अधिक के करियर में कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। एक्टिंग के अलावा आलिया बिजनेस में भी आगे हैं। आइए जानते हैं उनकी करियर यात्रा और नेटवर्थ के बारे में।

आलिया का जन्म 15 मार्च 1993 को मुंबई में हुआ था। वह मशहूर निर्देशक महेश भट्ट और सोनी राजदान की बेटी हैं। आलिया ने बतौर बाल कलाकार भी फिल्मों में काम किया है। आलिया भट्ट को सबसे पहले बड़े परदे पर साल 1999 में देखा गया था। उन्होंने अक्षय कुमार और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘संघर्ष’ में अहम रोल निभाया था। वह फिल्म में प्रीति जिंटा का बचपन वाला रोल प्ले करती दिखी थीं। उस फिल्म में आलिया का रोल छोटा जरूर था, लेकिन उन्होंने अपनी एक्टिंग से छाप छोड़ी थी।

आलिया भट्ट का डेब्यू करण जौहर ने कराया था,डेब्यू फिल्म से ही आलिया ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में वह वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नजर आई थीं,अपने करियर में उन्होंने कई शानदार फिल्में की हैं। इनमें हाइवे, डियर जिंदगी, बद्रीनाथ की दुल्हनिया, गलीबॉय, ऐ दिल है मुश्किल, राजी और डार्लिंग्स जैसे फिल्में शामिल हैं। इसके साथ ही गंगूबाई काठियावाड़ी, ब्रह्मास्त्र, रॉकी और रानी की प्रेम कहानी जैसी फिल्मों के नाम भी शामिल हैं। हर फिल्म के साथ आलिया के अभिनय में निखार आया है।

फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आलिया भट्ट की नेटवर्थ दो सौ 99 करोड़ रुपए करीब है। आलिया किसी भी फिल्म को करने के लिए करीब 20 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं। वहीं वह विज्ञापन के लिए करीब एक से दो करोड़ रुपए चार्ज करती हैं। वह इंडस्ट्री में दूसरी सबसे अधिक कमाई वाली बॉलीवुड अभिनेत्री हैं। आलिया के बिजनेस वुमन बनने की शुरुआत स्टाइलक्रैकर से हुई थी। आलिया भट्ट ने मां और बच्चों को ध्यान में रखकर ईड ए मम्मा की शुरुआत की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक आलिया अगरबत्ती और धूप बनाने वाली एक कंपनी में भी निवेश करती हैं। निजी जिंदगी की बात करें तो आलिया भट्ट ने रणबीर कपूर के साथ शादी रचाई है और दोनों सफल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं। आलिया और रणबीर की लव स्टोरी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ के सेट से शुरू हुई।।अप्रैल 2022 में दोनों ने शादी कर ली। नवंबर 2022 में दोनों ने अपनी पहली संतान के रूप में बेटी राहा का स्वागत किया।