September 8, 2024

बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक : शाह ने कहा पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉर्मेंस की स्थापना की

बीजेपी कार्यकारिणी की बैठक :

न्यूज़ डेस्क: बीजेपी कार्यकारिणी बैठक के आज अंतिम दिन गृह मंत्री शाह ने कहा कि “मोदी जी ने दस साल में कई सिद्धियां की हैं। उन्होंने देश को गरीबी, भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, जातिवाद, परिवारवाद आदि से मुक्ति दिलाई है। ये हमारे सार्वजनिक जीवन के नासूर हैं। मोदी ने इन नासूरों को दूर करके और ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ की स्थापना की। मोदी धीरे-धीरे ब्रिटिश शासन से जुड़े राष्ट्रीय प्रतीकों को हटाकर हमें औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त कर रहे हैं। यह आजादी के तुरंत बाद किया जाना चाहिए था, फिर भी कांग्रेस ने कभी इसकी जहमत नहीं उठाई।”

उन्होंने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की गंगोत्री करार दिया और कहा कि जब कांग्रेस इतना भ्रष्टाचार करती है तो साथी भला क्यों पीछे रहेंगे। आम आदमी पार्टी ने शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक और न जाने कितने घोटाले किए। इन्होंने लोगों के मेडिकल टेस्ट करने में भी घोटाला किया। इसी वजह से आज इनका सारा नेतृत्व अदालतों और एजेंसियों से दूर भाग रहा है।

शाह ने कहा कि विदेश नीतियों के क्षेत्र में यह गलत धारणा थी कि यदि आप दुनिया से दोस्ती करना चाहते हैं तो आपको राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करना होगा। कई नेताओं को यह तय करने में संघर्ष करना पड़ा कि किस प्राथमिकता को बरकरार रखा जाए। बिना किसी हिचकिचाहट के श्री मोदी ने निर्णय लिया कि देश की सरहद की सुरक्षा सबसे जरूरी है। भारत की सुरक्षा से ऊपर कुछ भी नहीं है। और राष्ट्रीय सुरक्षा को हमारी प्राथमिकता बनाने के बाद, उन्होंने भारत को ‘विश्वमित्र’ बनाने और सभी में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना पैदा करने का प्रयास किया, जिससे सभी को यह महसूस हुआ कि दुनिया एक बड़ा परिवार है।

उन्होंने कहा कि इस देश की राष्ट्रपति एक जनजातीय परिवार से आती हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी और भाजपा ने एक गरीब आदिवासी बेटी को महामहिम द्रौपदी मुर्मू बनाकर सभी जनजातियों का सम्मान किया। इस देश का उप राष्ट्रपति एक किसान का बेटा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में बूथ का काम करने वाला एक व्यक्ति देश का राष्ट्रपति भी बन सकता है और प्रधानमंत्री भी बन सकता है। ये सहूलियत केवल भाजपा में ही उपलब्ध है, क्योंकि हमने हमारी पार्टी को लोकतांत्रिक पार्टी बनाकर रखा है।

शाह ने कहा, “मैं आज यहां से कांग्रेस को चेतावनी देना चाहता हूं कि आप रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को ठुकरा कर केवल इस ऐतिहासिक पल का हिस्सेदार बनने से ही नहीं कतराएं हैं, बल्कि आपने देश को महान बनाने की प्रक्रिया से खुद को दूर कर लिया है। देश की जनता ये देख भी रही है और याद भी रख रही है।”

उन्होंने आरोप लगाये कि केरल में भाजपा के 100 से ज्यादा कार्यकर्ता शहीद हो गए, 300 से ज्यादा अपाहिज हो गए। वहां इंडी गठबंधन का शासन है। पश्चिम बंगाल में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता मौत के घाट उतार दिए गए, हमेशा वहां चुनाव में धांधली, घपलेबाजी और हिंसा होती रही। वहां इंडी गठबंधन और सुश्री ममता बनर्जी का शासन है। हम तो हिंसा के भुक्तभोगी हैं। हिंसा फैलाने वाला अगर कोई गठबंधन यही तो वो घमंडिया गठबंधन है।

शाह ने कहा, “मोदी जी के 10 वर्षों में आज देश विकसित भारत का स्वप्न लेकर आगे बढ़ रहा है। दूर-दूर तक घमंडिया गठबंधन को सत्ता प्राप्ति की संभावना नहीं दिखती है। इस वजह से वो आज हर चीज का विरोध करने लगे हैं। इन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग का विरोध किया और तो और नारी शक्ति वंदन अधिनियम में भी इंडी गठबंधन काफी व्यवधान उत्पन्न किया।”

उन्होंने कहा, “मैं आज आप सबके माध्यम से भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं से कहना चाहता हूं कि अगले चुनाव में दो खेमें आमने-सामने हैं। एक तरफ है मोदी जी के नेतृत्व में राजग का गठबंधन और दूसरा है कांग्रेस के नेतृत्व में सारी परिवारवादी पार्टियों का घमंडिया गठबंधन। ये घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का पोषक है और भाजपा एवं राजग गठबंधन राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलने वाला गठबंधन है।”