September 8, 2024

बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस में गठबंधन कराकर इंडिया गंठबंधन को मजबूत कराने के प्रयश में जुटे,लालू और अखिलेश

वीरेंद्र झा

कांग्रेस के प्रयास के बावजूद पश्चिम बंगाल में टीएमसी और कांग्रेस के बीच गठबंधन होता नहीं दिख रहा है। कांग्रेस के नए सिरे से लाए गए प्रस्ताव को भी स्वीकार नहीं करते हुए ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की सभी 42 सीटों पर टीएमसी के उम्मीदवार के चुनाव लड़ने की बात को बरकरार रखा है। ऐसे में अब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच गठबंधन करवा कर इंडिया एलायंस की स्थिति को मजबूत करने के प्रयास में जुट गए हैं।

लालू प्रसाद यादव और अखिलेश यादव ने की ममता बनर्जी से बात

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच गठबंधन करवा कर इंडिया एलायंस की स्थिति को मजबूत करने की दृष्टिकोण से लालू यादव और अखिलेश यादव दोनों ही नेताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व बंगाल में पांच सीटों की मांग कर रहा है।तृणमूल कांग्रेस के नेता ने यह जानकारी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दी है। बिहार में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर आरजेडी को कोई दिक्कत नहीं है,वहीं उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 17 सीट दे दी है। ऐसे में ये दोनों ही नेता इंडिया गठबंधन में ममता बनर्जी को भी बनाए रखना चाह रहे हैं। इन दोनों नेताओं ने ममता बनर्जी से फोन पर यह आग्रह किया है कि वह कांग्रेस के लिए 5 सीट देने की प्रस्ताव पर फिर से विचार करें।

बंगाल में कांग्रेस 8 से 11 सीट चाहती हैं

गौरतलब है कि गत दिसंबर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य के नेताओं के साथ बैठक की थी। प्रदेश के नेताओं ने बंगाल में 8 से 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी गठबंधन के लिए संदेश भेजा गया था। तब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांग्रेस के प्रस्ताव को लौटा दिया था। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का कहना था कि राज्य में दो से ज्यादा सीट जीतने की क्षमता कांग्रेस के पास नहीं है।

अधीररंजन चौधरी चाहते हैं बाम दलों से गठबंधन

पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीररंजन चौधरी खुलेआम यह कह रहे हैं कि वे वाम मोर्चा के साथ गठबंधन चाहते हैं, टीएमसी से नहीं।यही कारण है की वे अक्सर बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और खासकर ममता बनर्जी पर आक्रामक रवैया अपनाते रहते हैं।वहीं बीजेपी को रोकने के लिए लालू यादव और अखिलेश यादव बंगाल में तृणमूल और कांग्रेस में गठबंधन चाहते हैं। उनका यह प्रसाद कितना सफल होगा, अभी तक स्पष्ट नहीं दिख रहा है।