September 8, 2024

प्रियंका गांधी केंद्र शासित प्रदेश दमन दीव से लड़ सकती है चुनाव !

अखिलेश अखिल 

यूपी की अमेठी और रायबरेली सीट से इस बार शायद राहुल और सोनिया गाँधी चुनाव नहीं लड़ेंगे। राहुल अभी केरल के वायनाड सीट से सांसद हैं और उम्मीद यही की जा रही है कि इस बार  गाँधी केरल के वायनाड से ही चुनाव लड़ेंगे। हालांकि कांग्रेस के भीतर इस बात की भी चर्चा चल रही है कि अमेठी सीट से भी राहुल लड़ सकते हैं। उधर सोनिया गाँधी अभी तक रक़ीबारेली से चुनाव लड़ती रही है। लेकिन इस बार वे भी वहां से चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। उन्हें राजस्थान से राज्य सभा में भेजा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका  गाँधी  रायबरेली से चुनाव लड़ सकती है। लेकिन अब एक नयी बात सामने आ रही है।    

अब उनकी ही पार्टी के नेता ने दावा करते हुए इस बात को खारिज कर दिया है। यह दावा किया जा रहा है कि अब प्रियंका गांधी रायबरेली के जगह दमन दीव सीट से चुनाप लड़ेंगी। इसका दावा कांग्रेस की दमन दीव यूनिट के प्रदेश अध्यक्ष केतन पटेल ने किया है।
दमन दीव लोकसभा सीट पर बीजेपी की स्थिति की बात करें तो उन्होंने लगातार चौथी बार उम्मीदवार के तौर पर मौजूदा सांसद लालूभाई पटेल के नाम की घोषणा की है। ऐसे में कांग्रेस इस बार इस सीट से बड़े चेहरे को मैदान में उतार सकती है। और यह दावा किया जा रहा है कि प्रियंका गांधी को दमन दीव की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
 

बता दें, दमन दीव के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केतन पटेल ने दावा करते हुए कहा, ‘यह सच है कि प्रियंका गांधी दमन दीव लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। इस संबंध में कांग्रेस में राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा भी हो चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि इस सीट से प्रियंका गांधी को लड़ाने का गणित तैयार हो चुका है। सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इस छोटे से केंद्र शासित प्रदेश से प्रियंका गांधी को कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर उतारा जा सकता है।’

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगर प्रियंका गांधी इस सीट से चुनाव लड़ती हैं तो इसका असर न सिर्फ दमन दीव बल्कि पूरे दक्षिण गुजरात की लोकसभा सीटों पर पड़ सकता है। इसके अलावा इससे पूरे देश की लोकसभा सीटें प्रभावित हो सकती हैं।

दरअसल, लोकसभा चुनाव के लिए हॉट सीट रायबरेली पर अब तक सोनिया गांधी चुनाव लड़ती आई हैं। सोनिया ने पहले 1999 में अमेठी से चुनाव लड़ा, तब वह कांग्रेस अध्यक्ष थीं। इसके बाद 2004, 2009, 2014 और 2019 में उन्होंने रायबरेली से चुनाव जीता। 2019 के लोकसभा चुनाव में सोनिया ने यह साफ कर दिया था कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अब अगर प्रियंका गांधी दमन दीव से चुनाव लड़ती हैं तो देखना होगा कि रायबरेली की सीट को लेकर कांग्रेस के पास क्या तैयारी है।