October 18, 2024

राहुल गांधी और पीएम मोदी के बीच वाकयुद्ध,फैसला 4 जून को चुनाव परिणाम के साथ

बीरेंद्र कुमार झा

चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की घोषणा करने के साथ ही सत्ता पक्ष ( एनडीए) और विपक्ष (इंडिया गठबंधन) ने एक दूसरे पर हमला तेज कर दिया है।इसी सिलसिले में शक्ति के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की तरफ से राहुल गांधी तो एनडीए की तरफ से नरेंद्र मोदी एक दूसरे पर हमलावर हैं।चुनाव प्रचार के सिलसिले में कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन इंडिया को शक्ति के मुद्दे पर घेरा है। जगत्याल में आयोजित एक जनसभा के दौरान उन्होंने विपक्षी गंठबंधन इंडिया पर आरोप लगाया कि विपक्ष ने शक्ति को खत्म करने के लिए घोषणा पत्र का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें शक्ति के खिलाफ बोलने वाले की चुनौती स्वीकार है।गौरतलब है कि महाराष्ट्र में रैली के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि वह नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं,बल्कि शक्ति के खिलाफ लड़ रहे हैं।

शक्ति के विरुद्ध लड़ने वालों की चुनौती स्वीकार्य

तेलंगाना की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कल इंडी एलायंस ने मुंबई में एक रैली आयोजित की थी। उस रैली में उन्होंने घोषणा की है कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। मेरे लिए हर बेटी, हर मां और हर बहन शक्ति का स्वरूप है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग शक्ति के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं ,मैं उनकी चुनौती स्वीकार करता हूं।मैं शक्ति के लिए अपना जीवन देने के लिए तैयार हूं।

पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा का चुनाव घोषित होने के बाद कल मुंबई में  इंडिया एलायंस की पहली और उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण रैली का आयोजन हुआ।उस रैली में उन्होंने अपना घोषणा पत्र जारी किया। उनके घोषणा पत्र का ऐलान है कि मेरी (इंडिया एलायंस की) लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मेरे लिए हर मां शक्ति का रूप है, हर बेटी शक्ति का रूप है और मैं इनको शक्ति के रूप में पूजता हूं ।मैं इन शक्ति स्वरूपा माता और बहनों की रक्षा के लिए जान की बाजी लगा दूंगा

लड़ाई शक्ति पूजक और शक्ति संहारक के बीच

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने जहां चंद्रयान लैंड हुआ उस जगह का नाम शिव शक्ति रखा। उन्होंने कहा कि एक तरफ शक्ति के विनाश की बात करने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ शक्ति की पूजा करने वाले लोग हैं। मुकाबला 4 जून को हो जाएगा कि कौन शक्ति का विनाश कर सकता है और कौन शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त कर सकता है।

क्या कहा था राहुल गांधी ने

भारत जोड़ो न्याय यात्रा की समाप्ति के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में मुंबई के शिवाजी पार्क में इंडिया गठबंधन की एक बड़ी रैली का आयोजन किया गया था,जिसमें इंडिया गठबंधन के घटक दलों के ज्यादातर बड़े नेताओं ने शिरकत की थी।इस रैली के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि वे और इंडिया गठबंधन नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं लड़ रहे हैं ,बल्कि वह एक शक्ति के खिलाफ लड़ रहे हैं। नरेंद्र मोदी तो एक मुखौटा है, जिसे चुनाव में आसानी से हराया जा सकता है और इसके लिए उस शक्ति को खत्म करना जरूरी है।