October 18, 2024

विदर्भ की सभी सीट जीतेगी महायुति, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पहुंचें नागपुर

नागपुर। राप्र संवादक
नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि विदर्भ में महायुति को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।  उन्होंने कहा कि विदर्भ की सभी सीटों पर महागठबंधन जीतेगा। इस क्षेत्र की जनता ने मोदीजी को इस बात की गारंटी दी है।
शिंदे ने कहा कि मैं रामटेक के उम्मीदवार के लिये नामांकन भरने गया था, नितिन गडकरी का भी नामांकन भरने आया था। इस दौरान लोगों का जो प्रतिसाद मिला, उससे साफ है हम विदर्भ में सभी सीटें जीतेंगे।

उन्होंने कहा कि रामटेक, यवतमाल और वाशिम में महायुति बड़े अंतर से जीतेगी। वहीं सीट बंटवारे को लेकर शिंदे ने कहा कि दो तीन दिन में उम्मीदवारी का निर्णय हो जाएगा।

आदित्य ठाकरे के विषय में पूछे गए सवाल पर शिंदे ने कहा कि उन्हें और कोई काम नहीं है। घर में बैठकर काम नहीं होता। शिंदे ने तंज कसते हुए आगे कहा, घर में बैठकर ऊंट से बकरी हांकना संभव नहीं है। उसके लिए जमीन पर उतरना पड़ता है। दूसरे के घर में झांकने की बजाय उन्हें अपने घर में क्या चल रहा है ये देखना चाहिए।
शिंदे ने कहा, दो क्षेत्रीय दलों के पास न तो कोई एजेंडा है और न ही कोई झंडा। राष्ट्रीय पार्टी की स्थिति क्या है, उन्हें सोचना चाहिए।