September 8, 2024

राम मंदिर के गर्भगृह में डेढ़ क्विंटल की ‘रामायण’ स्थापित !

न्यूज़ डेस्क
अयोध्या के राम मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही है। जैसे -जैसे मंदिर का पूरा काम होता जा रहा है मंदिर अपने तेज के साथ उभर रहा है। अब मंदिर के भीतर डेढ़ क्विंटल सोने की रामायण गर्भगृह में स्थापित की गई है। इसकी कीमत पांच करोड़ बताई जा रही है। इसे चेन्नई के एक ज्वेलर्स ने तैयार किया है।

जानकारी के मुताबिक इसे गर्भगृह में रामलला की मूर्ति से 15 फीट दूर पत्थर के आसन पर रखा गया। इसके शीर्ष पर चांदी से बना राम का पट्टाभिषेक है। रामायण का वजन 1.5 क्विंटल से ज्यादा है।

तांबे से बना इसका प्रत्येक पृष्ठ 14 गुणा 12 इंच का है। हर पृष्ठ पर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ी है। इन पर राम चरित मानस के श्लोक अंकित हैं। रामायण के 500 पृष्ठों पर 10,902 छंद हैं। इसे बनाने में 151 किलो तांबे और तीन से चार किलो सोने का इस्तेमाल किया गया।

राम मंदिर में रामनवमी के मौके पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए 15 से 17 अप्रैल तक पास से दर्शन की व्यवस्था रद्द रहेगी। अयोध्या में 100 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन पर रामनवमी का लाइव प्रसारण किया जाएगा।

गर्मी में श्रद्धालुओं के लिए राम जन्मभूमि पथ से मंदिर परिसर तक 50 जगह पीने की पानी की व्यवस्था की जाएगी। प्रसाद के साथ ओआरएस का घोल भी दिया जाएगा। जूट का कारपेट बिछेगा। छाया के लिए जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं।