September 8, 2024

होलिका दहन के बाद देशभर में होली की धूम,प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने दी शुभकामना

बीरेंद्र कुमार झा

रविवार रात में होलिका दहन के बाद देश के बड़े हिस्से में सोमवार को होली का त्योहार मनाया जा रहा है।रंगों के इस त्योहार को लेकर लोगों के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार की रात को लोगों ने भक्तिभाव के साथ होलिका दहन किया और फिर सुबह से होली की शुरुआत हो गई। लोगों को एक-दूसरे के ऊपर रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते हुए देखा गया।देश के अलग-अलग हिस्सों में होली का जश्न मनाया जा रहा है।

लोगों ने जमकर की होली की खरीददारी

होली के मौके पर रविवार देर रात तक लोगों को बाजारों में खरीददारी करते हुए देखा गया।किसी ने गुलाल खरीदे तो तो किसी ने रंग और पिचकारी,इसके अलावा होली के दिन बनाए जाने वाले पुए और नमकीन की सामग्रियों की दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही थी।लोगों की खरीददारी पूरी हो चुकी है और सोमवार सुबह से ही लोग जश्न के माहौल में डूब चुके हैं।देश के अलग-अलग हिस्सों से आ रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोग किस तरह एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

सोमवार के अलावा मंगलवार को भी कुछ जगहों पर मनाई जाएगी होली

रविवार रात को होलिका दहन के बाद उसके अगले सुबह सोमवार को देश के बड़े हिस्से में होली का पर्व मनाया जा रहा है, लेकिन कुछ जगहों से इस बार होली होलिका दहन के दो दिन बाद मंगलवार को भी मनाए जाने की खबर आ रही है। दरअसल इस बार ज्योतिषीय गणना के विश्लेषण की विविधता की वजह से देश के कुछ हिस्सों में होली मंगलवार को मनाए जाने की भी बातें सामने आ रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की पूर्व संध्या पर दी लोगों को होली की शुभकामना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की पूर्वसंध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।उन्होंने कहा कि होली हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के लिए भी प्रेरित करता है। होली एक जीवंत और आनंद का त्योहार है, जो हमारे जीवन में आशा और उत्साह भरता है। उन्होंने कहा कि होली के विभिन्न रंग हमारे देश की विविधता का प्रतीक हैं। यह त्योहार लोगों के बीच प्रेम, एकता और भाईचारे की भावनाओं को बढ़ावा देता है।

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दिया होली की शुभकामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कामना की स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा व नया उत्साह लेकर आए। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, देश के मेरे सभी परिवारजनों को होली की अनेकानेक शुभकामनाएं, स्नेह और सद्भाव के रंगों से सजा यह पारंपरिक पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नया उत्साह लेकर आए। देश में सोमवार को होली मनाई जा रही है, जबकि कुछ हिस्सों में मंगलवार को होली का त्योहार मनाया जाएगा