September 8, 2024

बिहार बीजेपी के आधार स्तंभ सुशील मोदी अब नहीं रहे,एम्स में ली अंतिम सांस

बीरेंद्र कुमार झा

बीजेपी को बिहार में बुलंदियों तक पहुंचने वाले नेताओं में से प्रमुख नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और सुशील मोदी का सोमवार देर रात नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में  इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने अपने इस बीमारी का खुलासा सोशल मीडिया पर किया था। मंगलवार की सुबह दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर पटना स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा।सुशील मोदी के निधन के बाद बिहार के सियासी गलियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

सुशील मोदी ने सोशल मीडिया पर दी थी कैंसर होने की जानकारी

सुशील मोदी ने तीन अप्रैल को सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा था कि पिछले 6 माह से कैंसर से संघर्ष कर रहा हूं।अब लगा कि लोगों को बताने का समय आ गया है।लोक सभा चुनाव में कुछ कर नहीं पाऊंगा। पीएम को सब कुछ बता दिया है। देश, बिहार और पार्टी का सदा आभार और सदैव समर्पित।

सुशील मोदी ने जेपी आंदोलन से राजनीति में रखा था कदम

सुशील मोदी ने जयप्रकाश नारायण के छात्र आंदोलन से सक्रिय राजनीति में कदम रखा था।बाद में पटना मध्य से विधायक,भागलपुर से सांसद तथा बाद में राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। 2010 में वे पहली बार नीतीश कुमार के साथ उप मुख्यमंत्री बने थे। इसके बाद 2005 के नवंबर में जब बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो सुशील कुमार मोदी उप मुख्यमंत्री बनाये गये। वे लंबे समय तक राज्य के उप मुख्यमंत्री रहे। उनके निधन से भाजपा और राज्य को अपूरणीय क्षति हुई है।

विजय सिन्हा ने शोक संवेदना व्यक्त की

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सुशील मोदी जी अब हमारे बीच नहीं रहे। यह संपूर्ण बीजेपी संगठनात्मक परिवार के साथ-साथ मेरे जैसे अनगिनत कार्यकर्ताओं के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें उनके संगठनात्मक कौशल, प्रशासनिक समझ और सामाजिक-राजनीतिक विषयों पर उनके गहन ज्ञान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति और परिवार को दुःख की इस घड़ी में शक्ति प्रदान करें।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने व्यक्त की शोक संवेदना

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील मोदी जी का निधन हो गया है। यह हम सभी के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। बिहार बीजेपी और बिहार को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को बीजेपी और बिहार कभी नहीं भूलेगा। इस कठिन समय में उनके परिवार और उनको चाहने वालों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं!